कोटपूतली-बहरोड़ जिले में भीमराव अंबेडकर जयंती को भव्य रूप देने की तैयारियां, पावटा में रणनीति तय

कोटपूतली-बहरोड़ (राजेश कुमार हाडिया)। जिले के पावटा कस्बे की सब्जी मंडी स्थित अंबेडकर पार्क में रविवार, 22 मार्च को डॉ. अंबेडकर विचार मंच द्वारा एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक जिला प्रभारी सुरेश बुनकर के नेतृत्व में आयोजित हुई, जिसकी अध्यक्षता प्रदेश महासचिव बनवारी लाल मेहरड़ा ने की। इस दौरान पावटा तहसील की विभिन्न शाखाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर अपने विचार साझा किए।

कोटपूतली-बहरोड़ जिले में भीमराव अंबेडकर जयंती को भव्य रूप देने की तैयारियां, पावटा में रणनीति तय

बैठक में आगामी 14 अप्रैल को भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती को एकजुट होकर भव्य रूप से मनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि सभी शाखाएं मिलकर पावटा में एक ही स्थान पर विशाल स्तर पर जयंती समारोह आयोजित करें, ताकि अधिक से अधिक लोग इसमें भागीदारी निभा सकें।

जिला प्रभारी सुरेश बुनकर ने कहा कि “हम सभी को मिलकर बाबा साहब की जयंती को ऐतिहासिक बनाना है, जिससे समाज में एकता और जागरूकता का संदेश पहुंचे।” वहीं प्रदेश महासचिव बनवारी लाल मेहरड़ा ने अपने संबोधन में कहा कि “बाबा साहब के दिखाए मार्ग पर चलकर शिक्षा, समानता और सामाजिक सुधार को अपनाना ही सच्ची श्रद्धांजलि है। हमें अंधविश्वास और रूढ़िवादी सोच को समाप्त कर समाज को आगे बढ़ाना होगा।”

मेहरड़ा ने आगे कहा कि आजादी के इतने वर्षों बाद भी समाज का समुचित विकास नहीं होना चिंता का विषय है, जिस पर सभी को मिलकर गंभीरता से विचार करने की आवश्यकता है।

बैठक में कालूराम गोठवाल (जुगलपुरा), रामकिशन जाटावत (पावटा), टिंकू बलाई (बीटी नगर), सतवीर (भांकरी), ओमप्रकाश (आंतेला), सुरेंद्र मौर्य (जोधपुरा), गजानंद व लक्ष्मी नारायण (बड़नगर), मातादीन (टोरड़ा), जगदीश प्रसाद रंगीला (खेलना) एवं जयकिशन (किशनपुरा) सहित कई प्रतिनिधियों ने अपने विचार रखते हुए सामूहिक आयोजन के प्रस्ताव का समर्थन किया।

कार्यक्रम में वरिष्ठ कार्यकर्ता नरेश आर्य ने सभी आगंतुकों का स्वागत किया। बैठक का समापन समाज में एकता, जागरूकता और संगठन को मजबूत करने के संकल्प के साथ हुआ।

Author