पावटा (राजेश कुमार हाडिया)। कस्बे के उप जिला अस्पताल पावटा में शनिवार, 22 मार्च 2026 को निःशुल्क नेत्र लेंस प्रत्यारोपण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन पूर्व विधायक सुभाष शर्मा एवं उनकी टीम के सहयोग से किया गया, जिसमें जिला अंधता निवारण समिति का आर्थिक सहयोग रहा।

शिविर में सहाय हॉस्पिटल जयपुर के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों की आंखों की जांच की गई। इस दौरान कुल 70 मरीजों की जांच की गई, जिनमें से 11 मरीजों को नेत्र लेंस प्रत्यारोपण (ऑपरेशन) के लिए चयनित कर भर्ती किया गया।

चयनित मरीजों को ऑपरेशन के लिए जयपुर ले जाया जाएगा, जहां सफल ऑपरेशन के बाद उन्हें पुनः पावटा उप जिला अस्पताल लाया जाएगा। मरीजों के लिए जयपुर आने-जाने, भोजन, दवाइयों, लेंस प्रत्यारोपण और चश्मों सहित सभी सुविधाएं पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं।
इस अवसर पर हरि प्रसाद वर्मा, शंभु सिंह शेखावत, मुकेश कुमार सैनी, सुनील कुमार वाल्मीकि तथा सूर्यकांत सैनी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने मरीजों को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें ऑपरेशन के लिए जयपुर रवाना किया।
शिविर के माध्यम से क्षेत्र के जरूरतमंद मरीजों को बड़ी राहत मिली है और ऐसे आयोजनों से आमजन को स्वास्थ्य सेवाओं का सीधा लाभ मिल रहा है।


