श्री रामनवमी एवं चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर बाबा श्री भरतदास जी बगीची आश्रम, टोरडा-रामपुरा में 9 दिवसीय भक्ति एवं आराधना का भव्य मेला हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। इस दौरान विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से जन-जन के आध्यात्मिक कल्याण का मार्ग प्रशस्त हुआ।

मंदिर महंत मंगलदास महाराज के सानिध्य में वर्ष प्रतिपदा के दिन नवरात्र घटस्थापना के साथ कार्यक्रमों की शुरुआत हुई। नौ दिनों तक अखंड श्रीरामचरितमानस पाठ, श्रीराम नाम संकीर्तन, भक्ति संध्या, वर्ष प्रतिपदा उत्सव, श्रीराम जन्म बधाई गायन, हवन-यज्ञ, जन्म आरती तथा श्रीराम दरबार के राजसी श्रृंगार के साथ छप्पन भोग की भव्य झांकी आकर्षण का केंद्र रही।

लोक संस्कृति की झलक भी कार्यक्रमों में देखने को मिली, जिसमें महाशयों का गायन, डफ व चंग वादन तथा लोक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। आसपास ही नहीं, बल्कि दूरदराज क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर आयोजनों में सहभागी बने।
इस अवसर पर रामदास महाराज, बनवारीदास, बाबूलालदास, रघुनाथदास, राधेश्यामदास, रामशरणदास सहित कई संतों ने सत्संग एवं प्रवचन के माध्यम से लोकमंगल की कामना की।
श्री भरतदास जी सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में बहरोड़, जयपुर एवं पावटा से आई मेडिकल टीमों द्वारा निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन भी किया गया, जिसमें परामर्श, जांच, दवा वितरण के साथ लेंस प्रत्यारोपण जैसी सेवाएं प्रदान की गईं।
पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह एवं भक्ति का माहौल बना रहा।



