पावटा (राजेश कुमार हाडिया)। कस्बे में संत शिरोमणि सैन जी महाराज की जयंती को लेकर सैन समाज नवयुवक मंडल पावटा की बैठक मंगलवार रात्रि को आयोजित की गई। बैठक मंडल अध्यक्ष बाबूलाल सैन की अध्यक्षता में संपन्न हुई, जिसमें समाज के गणमान्य लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी 14 अप्रैल को संत शिरोमणि सैन जी महाराज की 726वीं जयंती बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाई जाएगी। इस अवसर पर विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
व्यवस्थापक सोनू सैन ने जानकारी देते हुए बताया कि जयंती के अवसर पर दोपहर 3 बजे प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें समाज के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों व व्यक्तियों का सम्मान किया जाएगा। इसके पश्चात शाम 4 बजे से कस्बे में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर स्वागत द्वार सजाए जाएंगे और श्रद्धालुओं द्वारा भव्य स्वागत किया जाएगा।
कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए बैठक में कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं, ताकि आयोजन को व्यवस्थित और भव्य रूप दिया जा सके।
इस अवसर पर मंडल संरक्षक राजेन्द्र मोहन सैन, उपाध्यक्ष नितिन सैन, सचिव रविकांत सैन, कोषाध्यक्ष राहुल सैन, महामंत्री मनीष सैन, मोहनलाल सैन, राष्ट्रीय नाई महासभा तहसील अध्यक्ष एवं पूर्व नवयुवक मंडल अध्यक्ष अशोक सैन मांजूकोट, पूर्व मंडल अध्यक्ष श्रीराम सैन, धीरज सैन, राकेश सैन ललाणा सहित नवयुवक मंडल के कार्यकर्ता एवं समाजबंधु उपस्थित रहे।
सैन समाज में जयंती को लेकर उत्साह का माहौल है और आयोजन को भव्य बनाने के लिए तैयारियां जोर-शोर से शुरू कर दी गई हैं।




