पावटा (राजेश कुमार हाडिया)। उपखंड क्षेत्र के ग्राम कुनेड़ में रविवार को प्रदेश के उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा का बोहरा कृषि फार्म हाउस पर भव्य एवं गरिमामय स्वागत किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व वरिष्ठ समाजसेवी जीएल यादव द्वारा किया गया, जिनके नेतृत्व में क्षेत्रवासियों ने माला व साफा पहनाकर उपमुख्यमंत्री का आत्मीय अभिनंदन किया।

इस अवसर पर डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी की असली ताकत उसका साधारण कार्यकर्ता होता है, जिसके समर्पण और मेहनत के कारण ही आज भारतीय जनता पार्टी देश ही नहीं, बल्कि विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक शक्ति बनकर उभरी है। उन्होंने कहा कि मजबूत भारत और सशक्त नागरिकों का निर्माण ही सरकार का प्रमुख लक्ष्य है, जिसके लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है।
कार्यक्रम के संयोजक जीएल यादव ने अपने उद्बोधन में कहा कि राष्ट्र निर्माण का मूलमंत्र अपनाते हुए देश के यशस्वी प्रधानमंत्री द्वारा हर वर्ग के उत्थान के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज भारत आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है, जो प्रत्येक नागरिक के लिए गर्व का विषय है। जीएल यादव की सक्रियता और जनसमर्पण ने कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान की।
कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री ने ग्राम की प्रतिभाशाली छात्रा तन्नु बोहरा को कक्षा 12वीं में 95 प्रतिशत अंक प्राप्त करने पर प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि बेटियां आज हर क्षेत्र में देश का नाम रोशन कर रही हैं और समाज के लिए प्रेरणा बन रही हैं।
इस अवसर पर बजरंगपुरा सरपंच डॉ. रामनिवास मोर्या, पंडितपुरा सरपंच मनोज आर्य, भोनावास सरपंच बनवारीलाल शर्मा, डॉ. ओपी यादव, एसडीएम सांभर ऋषिराज कपिल, डॉ. जयराम यादव, डॉ. केशव स्वामी, हरिद्वारी लाल स्वामी, जगमाल बोहरा, प्रेमप्रकाश बोहरा, रामनिवास अध्यापक, प्रकाश मुहानिया, हवलदार ओमप्रकाश, हवलदार रमेश डाबड़ सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में ग्रामीणों का उत्साह देखते ही बन रहा था। पूरे आयोजन में जनभागीदारी, अनुशासन और स्वागत की परंपरा ने इसे एक यादगार आयोजन बना दिया।



