विराटनगर विधायक कुलदीप धनकड़ की अनुशंसा पर राज्य सरकार ने पावटा उपखण्ड क्षेत्र के ग्राम प्रेमनगर से कारोली सीमा तक सड़क निर्माण के लिए 74 लाख 69 हजार रुपये की राशि स्वीकृत की है। इस निर्णय से क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है और लंबे समय से चली आ रही सड़क की मांग पूरी होने की उम्मीद जगी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रागपुरा-पाचुंडाला MDR सड़क से प्रेमनगर के कुम्हारों के मौहल्ले होते हुए सीमावर्ती संतोषी माता रोड, कारोली सीमा तक नई संपर्क सीसी सड़क का निर्माण किया जाएगा। इस परियोजना के लिए वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति जारी कर दी गई है, जिससे जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है।
विधायक कुलदीप धनकड़ ने इस स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विराटनगर क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों का समग्र विकास उनकी पहली प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए ऐसे विकास कार्य निरंतर जारी रहेंगे।
नई सड़क के निर्माण से स्थानीय लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी, साथ ही आसपास के गांवों की कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी, जिससे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।



