पावटा (राजेश कुमार हाडिया)। कस्बे में किला ऊपर हनुमान मंदिर के सामने पंचायत समिति सभागार पावटा में ‘मुख्यमंत्री विकसित ग्राम/शहरी वार्ड अभियान’ के सफल क्रियान्वयन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपखंड अधिकारी डॉ. साधना शर्मा ने की, जिसमें तहसीलदार लोकेन्द्र कुमार मीणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में राजस्थान सरकार के पंचायती राज विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप अभियान की विस्तृत रूपरेखा पर चर्चा की गई। अधिकारियों को बताया गया कि बजट वर्ष 2026-27 की घोषणा के तहत यह अभियान 19 मार्च से 15 मई तक संचालित किया जाएगा। इसका उद्देश्य ‘विकसित राजस्थान @ 2047’ के विजन के अनुरूप ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में योजनाबद्ध विकास को गति देना है।

अधिकारियों को अवगत कराया गया कि अभियान के तहत ग्राम पंचायत से लेकर जिला स्तर तक विकास का मास्टर प्लान तैयार किया जाएगा। इसके लिए राजस्थान इंस्टीट्यूट फॉर ट्रांसफॉर्मेशन एंड इनोवेशन (RITI) के माध्यम से कार्य किया जाएगा। बैठक में निर्देश दिए गए कि अभियान के प्रभावी संचालन हेतु पंचायत समिति स्तर पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएं तथा ग्राम पंचायत स्तर पर टीमों का गठन कर उन्हें प्रशिक्षित किया जाए।
इन टीमों में ग्राम विकास अधिकारी, पटवारी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आशा सहयोगिनी एवं अन्य फील्ड कर्मी शामिल रहेंगे। इसके साथ ही अभियान की सतत मॉनिटरिंग के लिए जिला व पंचायत समिति स्तर पर नोडल अधिकारी नियुक्त करने तथा प्रत्येक 4-5 ग्राम पंचायतों के लिए क्लस्टर प्रभारी निर्धारित करने के निर्देश भी दिए गए।
उपखंड अधिकारी डॉ. साधना शर्मा ने सभी अधिकारियों को समन्वय और जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह पहल ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विकास को नई दिशा देगी और आमजन की आवश्यकताओं की पूर्ति सुनिश्चित करेगी।



