पावटा (राजेश कुमार हाडिया)। बार काउंसिल ऑफ राजस्थान के सदस्य पदों के लिए बुधवार, 22 अप्रैल को अभिभाषक संघ पावटा के बूथ संख्या 135 पर मतदान शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक चले मतदान में कुल 89.37 प्रतिशत अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जिससे बार परिसर में उत्साह और लोकतांत्रिक जागरूकता का माहौल देखने को मिला।

अभिभाषक संघ पावटा के अध्यक्ष एडवोकेट रामनिवास यादव ने सफल और शांतिपूर्ण मतदान के लिए निर्वाचन अधिकारी टीम सहित सभी अधिवक्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इतना उच्च मतदान प्रतिशत अधिवक्ताओं की सक्रिय भागीदारी और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
उन्होंने सभी प्रत्याशियों को अग्रिम बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि निर्वाचित प्रतिनिधि अधिवक्ताओं के हितों की मजबूती से पैरवी करेंगे और बार काउंसिल को और सशक्त बनाएंगे।
मतदान के दौरान पूरे दिन अनुशासन और सौहार्द का वातावरण बना रहा, जिससे चुनाव प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न हुई। वहीं, चुनाव के मद्देनजर दिनभर न्यायालय में न्यायिक कार्य पूर्ण रूप से स्थगित रखा गया।



