बानसूर (राजेश कुमार हाडिया)। कोटपूतली-बहरोड़ जिले के पुलिस महकमे में पिछले 24 घंटों से चल रही हलचल गुरुवार शाम को थम गई, जब बानसूर थाना प्रभारी राजेश यादव को पुनः उनके पद पर बहाल कर दिया गया। जिला पुलिस अधीक्षक के नए आदेशों के बाद यादव ने एक बार फिर थाने की कमान संभाल ली।

गौरतलब है कि बुधवार देर शाम जिला पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह द्वारा जारी आदेश में राजेश यादव को तत्काल प्रभाव से ‘लाइन हाजिर’ किया गया था। बताया जा रहा है कि एक संवेदनशील मामले की जांच प्रभावित होने की शिकायतों के चलते यह कदम उठाया गया था, जिससे विभागीय स्तर पर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया था।
पूरे प्रकरण पर स्पष्टीकरण देते हुए बानसूर डीएसपी मेघा गोयल ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार थानाधिकारी को लाइन हाजिर किया गया था। इसके बाद विभागीय कार्यप्रणाली और मामले की गहन समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान प्राप्त फीडबैक और उच्चाधिकारियों के निर्देशों के आधार पर गुरुवार शाम को उन्हें पुनः बानसूर थाना प्रभारी के रूप में नियुक्त करने का निर्णय लिया गया।
प्रशासनिक हलकों में इस त्वरित निर्णय को संतुलन और पारदर्शिता बनाए रखने की पहल के रूप में देखा जा रहा है। महज 24 घंटे के भीतर बहाली होना यह दर्शाता है कि विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र समीक्षा कर निर्णय लिया।
गुरुवार शाम बहाली के आदेश मिलते ही राजेश यादव ने पुनः कार्यभार संभाल लिया और थाने की व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से आगे बढ़ाने में जुट गए हैं।


