कोटपूतली (राजेश कुमार हाडिया)। राजकीय बीडीएम जिला चिकित्सालय में शुक्रवार, 1 मई को घुटने के प्रत्यारोपण (टोटल नी रिप्लेसमेंट) का जटिल ऑपरेशन सफलतापूर्वक किया गया। अनुभवी चिकित्सकों की टीम ने इस चुनौतीपूर्ण सर्जरी को सफल बनाकर एक बुजुर्ग मरीज को दर्द से राहत दिलाई और सामान्य जीवन की नई उम्मीद दी।

अस्पताल के पीएमओ डॉ. पुष्कर राज गुर्जर ने बताया कि विराटनगर के बागावास अहिरान निवासी 77 वर्षीय ओमकार यादव पिछले 2-3 वर्षों से घुटनों के असहनीय दर्द से जूझ रहे थे। हालत इतनी गंभीर हो चुकी थी कि उनका चलना-फिरना लगभग बंद हो गया था। विभिन्न स्थानों पर उपचार के बावजूद उन्हें राहत नहीं मिल सकी।

परिजनों ने ऑपरेशन का निर्णय तो लिया, लेकिन निजी अस्पतालों में अधिक खर्च होने के कारण आर्थिक समस्या सामने आई। इसके बाद मरीज को बीडीएम जिला अस्पताल लाया गया, जहां ऑर्थोपेडिक विशेषज्ञ डॉ. महेश शर्मा (वरिष्ठ विशेषज्ञ) और डॉ. महेश प्रधान ने आवश्यक जांच के बाद सर्जरी की योजना बनाई।
विशेषज्ञ टीम के डॉ. महेश शर्मा, डॉ. महेश प्रधान, एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. सुरेंद्र शर्मा व डॉ. अल्का तथा नर्सिंग स्टाफ मुनेश यादव, लक्ष्मीनारायण यादव और हेमराज की मौजूदगी में ऑपरेशन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
ऑपरेशन के बाद मरीज की स्थिति में तेजी से सुधार हो रहा है और डॉक्टरों के अनुसार वे जल्द ही सामान्य जीवन जी सकेंगे। यह सफलता न केवल अस्पताल की चिकित्सा दक्षता को दर्शाती है, बल्कि यह भी साबित करती है कि सरकारी अस्पतालों में भी उच्चस्तरीय और जटिल उपचार उपलब्ध हो रहा है।


