कोटपूतली-बहरोड़ जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत विजयपुरा में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए डोडिया गैंग से जुड़े तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल, नकाब, पलास तथा दो फर्जी नंबर प्लेट भी बरामद की हैं।

डीएसपी मेघा गोयल ने जानकारी देते हुए बताया कि विजयपुरा निवासी रामस्वरूप जाट ने 22 अप्रैल को नारायणपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिवादी ने बताया कि 21 अप्रैल की रात करीब 12 बजे से 3 बजे के बीच अज्ञात चोर मकान के पीछे लगे सीमेंट के जंगले को तोड़कर घर में घुस गए। इसके बाद कमरे में रखे बक्सों के ताले तोड़कर चांदी के कड़े, सोने का ताबीज, करीब 25 हजार रुपये नकद और लगभग 5 किलो घी चोरी कर ले गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए थानाधिकारी रोहिताश शर्मा के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस एवं साइबर सेल की टीम ने तकनीकी विश्लेषण, बीटीएस लोकेशन और संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर आरोपियों की पहचान की। इसके बाद अलवर, थानागाजी और घाटा क्षेत्र में लगातार दबिश दी गई।
पुलिस ने नारायणपुर-घाटा रोड पर कार्रवाई करते हुए थाना कोतवाली दौसा क्षेत्र के गणेशपुरा निवासी राकेश उर्फ लल्लू, भीम सिंह उर्फ लुच्चा उर्फ लच्छु तथा हरकेश उर्फ मठाणी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी शातिर नकबजन हैं और विभिन्न जिलों में चोरी व नकबजनी की वारदातों में सक्रिय रहे हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी भीम सिंह के खिलाफ बसवा, सिकंदरा (दौसा), पनियाला (जयपुर ग्रामीण) और गोविंदगढ़ (अलवर) थानों में नकबजनी एवं ट्रांसफार्मर चोरी सहित करीब 13 मामले दर्ज हैं।
फिलहाल पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ में क्षेत्र की अन्य चोरी की वारदातों का भी खुलासा होने की संभावना है।



