पावटा ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम भौनावास में नवनिर्मित शीतला माता मंदिर में मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव एवं विशाल भंडारे का आयोजन रविवार, 10 मई 2025 को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर गांव सहित आसपास क्षेत्र में धार्मिक माहौल बना हुआ है तथा श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।

मंदिर परिसर में पिछले पांच दिनों से वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक अनुष्ठानों के बीच पंडितों द्वारा हवन-यज्ञ एवं पूजा-अर्चना करवाई जा रही है। रविवार को विधि-विधान के साथ गुड़गांव वाली माता की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी, जिसके बाद विशाल भंडारे का आयोजन होगा।
जानकारी के अनुसार शीतला माता मंदिर का निर्माण समाजसेवी श्याम सुंदर गोयल द्वारा लगभग 10 लाख रुपये की लागत से करवाया गया है। ग्रामीणों ने इस धार्मिक कार्य की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र के लिए आस्था का नया केंद्र बताया है।
आयोजकों ने समस्त धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से समारोह में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर प्रसादी ग्रहण करने एवं धार्मिक आयोजन की शोभा बढ़ाने की अपील की है। गांव में भक्ति संगीत, सजावट एवं तैयारियों को लेकर उत्सवी माहौल बना हुआ है।



