पावटा उपजिला अस्पताल में एचपीवी टीकाकरण अभियान शुरू, बेटियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने की पहल

पावटा (राजेश कुमार हाडिया)। कस्बे के राजकीय उपजिला अस्पताल पावटा में शुक्रवार से बेटियों को जानलेवा सर्वाइकल कैंसर से बचाने के उद्देश्य से एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान की शुरुआत की गई। इस विशेष अभियान के तहत 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को निशुल्क वैक्सीन लगाई जा रही है, जिससे उन्हें भविष्य में होने वाले सर्वाइकल कैंसर के खतरे से सुरक्षित किया जा सके।

पावटा उपजिला अस्पताल में एचपीवी टीकाकरण अभियान शुरू, बेटियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने की पहल

अस्पताल में टीकाकरण के लिए विशेष व्यवस्था की गई है, जहां अभिभावक अपनी बेटियों को लेकर पहुंचे और उत्साहपूर्वक टीकाकरण करवाया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा यह अभियान आगामी दिनों तक जारी रहेगा, ताकि अधिक से अधिक बालिकाएं इस सुरक्षा कवच का लाभ ले सकें।

पावटा उपजिला अस्पताल के पीएमओ डॉ. रवि बंसल ने बताया कि एचपीवी वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि कम उम्र में लगाया गया यह टीका शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली को मजबूत बनाता है, जिससे भविष्य में वायरस संक्रमण और कैंसर का खतरा काफी हद तक कम हो जाता है। उन्होंने अभिभावकों से जागरूक होकर अपनी बेटियों का समय पर टीकाकरण कराने की अपील की।

वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. राजेश डोचानिया ने कहा कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में तेजी से बढ़ रही गंभीर बीमारी है, लेकिन समय रहते टीकाकरण और नियमित स्वास्थ्य जांच के माध्यम से इससे प्रभावी बचाव संभव है। उन्होंने बताया कि यह वैक्सीन वैज्ञानिक रूप से सुरक्षित एवं प्रमाणित है तथा 93 से 100 प्रतिशत तक प्रभावी मानी जाती है।

पूर्व जिला पार्षद ललित गोयल ने भी इस अभियान की सराहना करते हुए कहा कि बेटियों के स्वास्थ्य की सुरक्षा समाज की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान जनजागरूकता और महिला स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में सराहनीय कदम है।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में भी अभियान को लेकर जागरूकता बढ़ाई जा रही है। आशा सहयोगिनी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर अभिभावकों को एचपीवी वैक्सीन के महत्व की जानकारी दे रहे हैं, ताकि कोई भी बालिका इस महत्वपूर्ण टीकाकरण से वंचित न रहे।

Author