बानसूर थाना पुलिस ने फायरिंग की सनसनीखेज घटना का खुलासा करते हुए दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक देशी कट्टा (.315 बोर) एवं कैंपर वाहन भी बरामद किया है। दोनों आरोपी ग्राम शाहपुर में एक युवक पर जानलेवा फायरिंग के मामले में फरार चल रहे थे।

जिला पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नाजिम अली खान एवं वृत्ताधिकारी बानसूर के सुपरविजन में थानाधिकारी राजेश यादव के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने लगातार दबिश और तकनीकी सूचना संकलन के बाद आरोपी पवन यादव और रविकांत योगी उर्फ टोनी को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार 20 जून की रात शाहपुर निवासी सन्नी शर्मा अपने मित्र के यहां जन्मदिन समारोह से लौट रहे थे। इसी दौरान कैंपर में सवार आरोपियों ने रास्ते में उन्हें देखकर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। पहली गोली उनके शरीर के बेहद करीब से निकल गई। इसके बाद आरोपी उनका पीछा करते हुए गुंता स्थित राजकीय विद्यालय के पास पहुंचे और दोबारा फायर किया। हालांकि पीड़ित बाल-बाल बच गया और आरोपित मौके से फरार हो गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने हत्या के प्रयास एवं आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विशेष टीम गठित की। लगातार छापेमारी और खुफिया सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ के बाद पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त .315 बोर का देशी कट्टा तथा एचआर-26 जीडी-7505 नंबर की कैंपर बरामद कर जब्त कर ली।
थानाधिकारी राजेश यादव ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है तथा मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जिले में अपराधियों के विरुद्ध चलाया जा रहा अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में एएसआई राजकमल, एएसआई पविन्द्र सिंह, कांस्टेबल रविन्द्र सिंह, मुकेश कुमार, अनिल कुमार तथा चालक कांस्टेबल पुष्किन ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।