पावटा अंतरराष्ट्रीय नशा निषेध दिवस के अवसर पर प्रागपुरा कस्बे स्थित भाग्यश्री लाइब्रेरी में भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश कार्यक्रम क्रियान्वयन सहप्रभारी जीएल यादव के नेतृत्व में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं को नशे से दूर रहने एवं समाज को नशामुक्त बनाने की शपथ दिलाई गई।

इस अवसर पर जीएल यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश नशामुक्त भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त 2020 से शुरू हुए नशा मुक्त भारत अभियान के माध्यम से देशभर में करोड़ों लोगों को जागरूक किया जा चुका है। समाज की सबसे बड़ी शक्ति युवा हैं और यदि युवा नशे से दूर रहेंगे तो देश का भविष्य सुरक्षित एवं सशक्त बनेगा।

जीएल यादव ने बताया कि वे अब तक करीब डेढ़ लाख से अधिक युवाओं को नशामुक्ति की शपथ दिलाकर इस जनजागरण अभियान से जोड़ चुके हैं। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। इसलिए प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह स्वयं नशे से दूर रहे और दूसरों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करे।
जीएल यादव ने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा, “नशे को ना, जिंदगी को हाँ” का संदेश हर घर तक पहुंचाना होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ एवं डॉ. महेंद्र कुमावत के मार्गदर्शन में भाजपा ओबीसी मोर्चा प्रदेशभर में लगातार जनजागरूकता अभियान चला रहा है।
कार्यक्रम के दौरान भाग्यश्री लाइब्रेरी के निदेशक अर्जुन सिंह ने भी युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा, अनुशासन और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। अंत में उपस्थित सभी विद्यार्थियों एवं युवाओं ने नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लिया।