प्रागपुरा कस्बे के सत्यनारायण भगवान मंदिर परिसर स्थित लोकदेवता भौमिया बाबा मंदिर में गुरुवार को भौमिया बाबा मंदिर कमेटी एवं ग्रामवासियों के सामूहिक सहयोग से वार्षिक विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे में प्रागपुरा सहित आसपास के गांवों और दूर-दराज से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने पंगत में बैठकर प्रसादी ग्रहण की।

आयोजन को लेकर सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। मंदिर परिसर को आकर्षक रोशनी से सजाया गया तथा श्रद्धालुओं के लिए प्रसादी की सुचारू व्यवस्था की गई। भंडारे के साथ रात्रि में भव्य भजन संध्या का आयोजन हुआ। भजन गायकों ने भगवान के भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को देर रात तक भक्तिरस में सराबोर किया। इस दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना रहा।

कमेटी अध्यक्ष कैलाश बरोला ने कहा कि भौमिया बाबा का वार्षिक भंडारा क्षेत्र की वर्षों पुरानी धार्मिक परंपरा है। ग्रामवासियों के सहयोग से आयोजित होने वाला यह आयोजन केवल धार्मिक आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, भाईचारे और आपसी सहयोग की मिसाल भी है। उन्होंने आयोजन में सहयोग करने वाले सभी ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।

इस दौरान नरेन्द्र सिंह शेखावत, पूरण डूडी, सुरेश स्वामी, बीरबल डूडी, कुंदन शर्मा, शंकर दफ्तरी, रोहिताश मंगल, छत्रपाल सिंह, विजय चौधरी, अंकित सैनी, रिषभ कुमावत, जयराम कुमावत, सुमित सिंह राठौर, सुरेश जाट, नितिन बंसल, कालूराम सैनी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।