नगरपालिका पावटा-प्रागपुरा के वार्ड संख्या 43 से कांग्रेस प्रत्याशी ईद मोहम्मद उर्फ रिजवान कुरैशी के चुनावी कार्यालय का उद्घाटन शनिवार देर शाम वार्ड 43 में ग्रामीण मरुधरा बैंक के पास स्थित कसाइयों के मोहल्ले में किया गया। जहां कांग्रेस जिलाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक इन्द्रराज गुर्जर ने फीता काटकर कार्यालय का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान सैकड़ों वार्डवासी और कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। उद्घाटन समारोह में कार्यकर्ताओं ने नारे लगाकर उत्साह जताया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कोटपूतली-बहरोड़ कांग्रेस जिलाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक इन्द्रराज गुर्जर ने कहा कि बड़ी संख्या में वार्डवासियों की मौजूदगी क्षेत्र में चुनाव को लेकर सक्रियता को दर्शाती है। उन्होंने पावटा-प्रागपुरा नगरपालिका क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता बताते हुए वार्ड 43 की समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास करने की बात कही और कार्यकर्ताओं कि एकजूटता को देखकर उन्हें ओर ज्यादा मेहनत कर ज्यादा से ज्यादा संख्या में कांग्रेस प्रत्याशियों को जीताकर कांग्रेस पार्टी का बोर्ड बनाने का आह्वान किया।

कांग्रेस का अल्पसंख्यक विभाग के जिलाध्यक्ष मुन्नानुद्दीन कुरैशी ने सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए सभी वर्गों की सहभागिता जरूरी है। वहीं महावीर चावला ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अपने विचार रखे। कार्यालय उद्घाटन के दौरान वार्डवासियों एवं कार्यकर्ताओं की भीड़ से देर शाम तक चुनावी माहौल बना रहा। कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।
