पावटा क्षेत्र के बागड़ाला एमडीआर मार्ग की बदहाली से ग्रामीण परेशान

क्षेत्र के प्रागपुरा से बागड़ाला, भूरीभड़ाज होते हुए नारेहड़ा को जोड़ने वाले एमडीआर मार्ग की हालत इन दिनों बद से बदतर होती जा रही है। पावटा-प्रागपुरा नगरपालिका क्षेत्र के ढाणी बागड़ाला स्थित वार्ड नंबर 1 में मंगल यादव के मकानों से मुकेश कुमार मावा वाले तक करीब 500 मीटर हिस्से में सड़क पर 2.5 फीट तक गहरे गड्ढों और उखड़ी कंक्रीट के कारण राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। सड़क की खराब स्थिति के साथ ओवरलोड वाहनों की आवाजाही से उड़ती धूल ने समस्या को और गंभीर बना दिया है।

पावटा क्षेत्र के बागड़ाला एमडीआर मार्ग की बदहाली से ग्रामीण परेशान
पावटा क्षेत्र के बागड़ाला एमडीआर मार्ग की बदहाली से ग्रामीण परेशान

शुक्रवार को सड़क की बदहाली का असर उस समय सामने आया, जब घुमावदार हिस्से में उखड़ी सड़क और गड्ढों के कारण एक बाइक सवार फिसलकर सड़क पर गिर गया। मौके पर खेतों में मौजूद लोगों और राहगीरों ने उसे उठाकर संभाला। फोटो में भी सड़क की जर्जर स्थिति और बाइक सवार के गिरने के बाद मौके पर जुटे लोगों का दृश्य नजर आ रहा है।

पावटा क्षेत्र के बागड़ाला एमडीआर मार्ग की बदहाली से ग्रामीण परेशान
पावटा क्षेत्र के बागड़ाला एमडीआर मार्ग की बदहाली से ग्रामीण परेशान

ई-मित्र संचालक हरिराम यादव ने बताया कि इस मार्ग पर लगातार ओवरलोड वाहनों की आवाजाही के चलते दिनभर धूल के गुबार उड़ते रहते हैं। इससे पैदल चलने वालों के साथ दोपहिया वाहन चालकों और आसपास के स्कूलों में आने-जाने वाले विद्यार्थियों को परेशानी उठानी पड़ रही है।

कुंदन लाल स्वामी ने बताया कि मार्ग के कई हिस्सों में सड़क की सतह पूरी तरह उखड़ चुकी है। घुमावदार मोड़ों पर बने गहरे गड्ढे दोपहिया वाहन चालकों के लिए खासे खतरनाक हैं। ग्रामीणों के अनुसार कई बार चार पहिया वाहन भी सड़क की खराब स्थिति के चलते दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग आसपास के कई गांवों को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है। प्रतिदिन विद्यार्थी, किसान, कर्मचारी और आमजन इसी रास्ते से आवागमन करते हैं। सड़क की जर्जर स्थिति के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी के साथ दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है।

ग्रामीणों के अनुसार सड़क की मरम्मत को लेकर कई बार संबंधित विभाग को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अभी तक स्थायी समाधान नहीं हुआ। उन्होंने प्रशासन से गड्ढों की भराई, सड़क की मरम्मत तथा ओवरलोड वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते सुधार कार्य नहीं हुआ तो यह मार्ग किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता है। इस दौरान विजय दुध वाला, छाजू सैनी, ओमप्रकाश सैनी, महेंद्र कुमार स्वामी, भवानी शंकर, बलवीर सैनी, कमलेश कारीगर, मिट्ठू सैनी, मोदी यादव, प्रकाश स्वामी सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।

Author