गणेश चतुर्थी महोत्सव के तहत पावटा कस्बे में रविवार को गणपति बप्पा की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। सिद्धि विनायक गणेश मंदिर के पुजारी रामचंद्र शर्मा के सानिध्य में निकली शोभायात्रा में भगवान गणेश एवं शिव-पार्वती की आकर्षक झांकियां सजाई गईं।

फूलों से सजे बग्गी रथ में भगवान गणेश की प्रतिमा विराजमान रही। रथ के आगे सफेद घोड़ों की आकृति और फूलों से की गई सजावट आकर्षण का केंद्र रही। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों से कस्बे का माहौल भक्तिमय हो गया। विभिन्न स्थानों पर झांकियों का पुष्पवर्षा से स्वागत किया गया।

विनायक कमेटी के सदस्यों ने बताया कि महोत्सव के तहत आज मंदिर में भगवान गणेश का विशेष शृंगार कर आकर्षक झांकी सजाई जाएगी। मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए कमेटी द्वारा व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।