लोकतांत्रिक मूल्यों, मताधिकार की सुरक्षा और चुनावी प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता की मांग को लेकर भारतीय युवा कांग्रेस (IYC) ने राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में एक विशाल और उग्र विरोध प्रदर्शन किया। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार पर लगाए गए गंभीर आरोपों के बाद, कांग्रेस आलाकमान के आह्वान पर यह राष्ट्रव्यापी आंदोलन शुरू किया गया है।

इस प्रदर्शन का नेतृत्व युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने किया। इस राष्ट्रीय आंदोलन में पावटा क्षेत्र से युवा कांग्रेस के कोटपूतली-बहरोड़ जिला अध्यक्ष प्रत्याशी थानवीर यादव ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। दिल्ली पुलिस द्वारा प्रदर्शनकारियों को रोकने और बल प्रयोग किए जाने के दौरान, थानवीर यादव ने राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब के साथ अग्रिम पंक्ति में खड़े होकर गिरफ्तारी दी।

युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रायसीना रोड स्थित मुख्यालय से जंतर-मंतर की ओर मार्च निकाला। प्रदर्शन के दौरान देश में मतदाता सूचियों के विशेष गहन संशोधन (SIR) और चुनावी गड़बड़ियों को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त [ज्ञानेश कुमार] के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई और उनके तत्काल इस्तीफे की मांग की गई।
कार्यकर्ताओं का हुजूम जैसे ही आगे बढ़ा, दिल्ली पुलिस ने बैरिकेडिंग कर राष्ट्रीय अध्यक्ष सहित थानवीर यादव और सैकड़ों कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तारी के बाद थानवीर यादव ने कहा कि लोकतंत्र में हर नागरिक के वोट की पवित्रता और उसके अधिकार की रक्षा करना सबसे बड़ा कर्तव्य है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावी संस्थाओं की निष्पक्षता पर सवाल उठ रहे हैं, जिसके खिलाफ युवा कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी।
यादव ने साफ किया कि युवाओं और आम जनता के लोकतांत्रिक अधिकारों की आवाज को सड़क से लेकर हर लोकतांत्रिक मंच तक मजबूती से उठाया जाएगा और यह संघर्ष मतदाता हितों की जीत होने तक जारी रहेगा।