जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय में सोमवार को एसपी सतवीर सिंह की अध्यक्षता में क्राइम बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया। एसपी ने जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एसपी ने कहा कि अपराध एवं अवैध गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई के साथ असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जाए। आगामी त्योहारों को देखते हुए जिले में गश्त बढ़ाने, रात्रिकालीन चेकिंग को प्रभावी बनाने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।

बैठक में थानों में लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए एसपी ने अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान पूरा कर प्रकरणों का निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आमजन की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई और पुलिस के प्रति लोगों में विश्वास कायम रखने पर भी जोर दिया।
एसपी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं हो और पुलिस की कार्रवाई निष्पक्ष एवं नियमानुसार सुनिश्चित की जाए।