सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग तथा महात्मा बुद्ध संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में समाज कल्याण सप्ताह के तहत शुक्रवार कोटपूतली में डाबला रोड स्थित स्वयंसिद्धा आश्रम में अनुसूचित जाति कल्याण दिवस मनाया गया। जिला कलक्टर के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम में सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ सामाजिक जागरूकता एवं नशामुक्ति का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग पावटा के सामाजिक सुरक्षा अधिकारी गैंदालाल ने आश्रम के आवासियों को संबोधित करते हुए अनुसूचित जाति वर्ग के लिए संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने उद्यम प्रोत्साहन, छात्रवृत्ति, अनुप्रति कोचिंग, वरिष्ठ नागरिक तीर्थयात्रा, छात्रावास एवं श्रेष्ठा योजना सहित अन्य योजनाओं के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि योजनाओं का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार होना जरूरी है, ताकि पात्र एवं जरूरतमंद लोगों तक सरकारी सहायता पहुंच सके।

कार्यक्रम की अध्यक्षता महात्मा बुद्ध संस्थान के सचिव डॉ. एच.एन. धोलीवाल ने की। उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाकर पात्र लोगों को उनका लाभ दिलाना है।
विशिष्ट अतिथि सेवानिवृत्त प्राचार्य महेश चंद निर्मल एवं सामाजिक न्याय विभाग के कनिष्ठ लिपिक सुरेन्द्र कुमार ने भी उपस्थितजनों से सरकारी योजनाओं का लाभ लेने तथा अन्य लोगों को भी इनके प्रति जागरूक करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान आश्रम में निवासरत सभी लोगों को नशे से दूर रहने एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने की शपथ दिलाई गई। इस मौके पर आश्रम मैनेजर चंचल देवी, नर्सिंगकर्मी मुकेश कुमार, योग शिक्षक कानाराम, लिपिक सचिन कुमार एवं केयरटेकर विमला सुरेला सहित कुल 47 आवासी मौजूद रहे।