नगरपालिका पावटा-प्रागपुरा क्षेत्र के लोगों को विभिन्न विभागीय सेवाएं आसानी से उपलब्ध कराने के लिए शहरी सेवा सेतु अभियान-2026 बुधवार से शुरू होगा। अभियान के तहत 7 से 16 अक्टूबर तक नगरपालिका कार्यालय परिसर में अलग-अलग वार्डों के लिए शिविर लगाए जाएंगे। नगरपालिका चेयरमैन मीना सैनी के प्रतिनिधि एवं कांग्रेस के जिला महासचिव अजय सैनी ने बताया कि शिविरों में आमजन की समस्याओं और लंबित प्रकरणों के निस्तारण को प्राथमिकता दी जाएगी।

अजय सैनी के अनुसार अभियान में नागरिकों को कई सेवाओं के लिए एक ही जगह आवेदन करने की सुविधा मिलेगी। जन्म-मृत्यु-विवाह पंजीयन, फायर एनओसी, ट्रेड लाइसेंस, साइनेज लाइसेंस, मोबाइल टावर एवं ओएफसी एनओसी, ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र तथा भवन निर्माण स्वीकृति से जुड़े कार्यों के लिए आवेदन लिए जाएंगे। इसके अलावा नामांतरण, भू-उपयोग परिवर्तन, उपविभाजन एवं पुनर्गठन, खांचा भूमि, लीज मुक्ति प्रमाण पत्र तथा विभिन्न प्रकार के पट्टों से संबंधित प्रकरण भी लिए जाएंगे।

अभियान के दौरान नगर की मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों पर भी ध्यान दिया जाएगा। सड़कों की मरम्मत व पेचवर्क, स्ट्रीट लाइटों की खराबी दूर करने, आवश्यकता वाले अंधेरे स्थानों पर प्रकाश व्यवस्था, नालियों व मैनहोल की मरम्मत, सफाई व्यवस्था तथा पार्कों, चौराहों एवं डिवाइडरों के रख रखाव से संबंधित समस्याओं पर कार्रवाई की जाएगी।
विभिन्न सामाजिक सुरक्षा एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए भी शिविर में आवेदन लिए जाएंगे। इनमें वृद्धावस्था, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन, अटल पेंशन, पालनहार, मुख्यमंत्री निःशुल्क बिजली, कुसुम, प्रधानमंत्री आवास, पीएम स्वनिधि और सीएम स्वनिधि योजना शामिल हैं। लंबित आवेदनों की स्थिति में भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
शिविरों का समय सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक रहेगा। कार्यक्रम के अनुसार 7 अक्टूबर को वार्ड 1 से 6, 8 अक्टूबर को 7 से 12, 9 अक्टूबर को 13 से 18, 12 अक्टूबर को 19 से 25, 13 अक्टूबर को 26 से 31, 14 अक्टूबर को 32 से 37, 15 अक्टूबर को 38 से 41 तथा 16 अक्टूबर को वार्ड 42 से 45 के लिए शिविर आयोजित होगा।
अभियान के लिए कनिष्ठ अभियंता अनिल कुमार जोनवाल को शिविर प्रभारी बनाया गया है। नगरपालिका अधिशासी अधिकारी फतेह सिंह मीणा ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित समय में शिविर स्थल पर मौजूद रहकर आवंटित कार्यों एवं प्राप्त आवेदनों का निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
अजय सैनी ने नगरपालिका क्षेत्र के नागरिकों से अपील की कि वे अपनी वार्डवार निर्धारित तिथि को नगरपालिका कार्यालय पहुंचकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से नागरिकों को स्थानीय स्तर पर अधिक से अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।