प्रागपुरा थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाओं को लेकर लोगों की चिंता बढ़ती जा रही है। बावड़ी के पास दुकानों के सामने चारपाई पर सो रहे एक व्यक्ति का मोबाइल चोरी होने की वारदात सामने आई है। चोरी की घटना वहां लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई।

जानकारी के अनुसार, रात के समय दो व्यक्ति अलग-अलग चारपाई पर सो रहे थे। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक वहां पहुंचा और मौका देखकर एक व्यक्ति के सिरहाने रखा मोबाइल उठा लिया। मोबाइल लेकर युवक मौके से निकल गया। सुबह उठने पर मोबाइल गायब मिला तो पीड़ित को चोरी की जानकारी हुई।

इसके बाद पीड़ित ने प्रागपुरा थाना पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं तथा उसकी तलाश की जा रही है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, इससे एक दिन पहले भी इसी क्षेत्र में कॉपर चोरी की घटना सामने आई थी। लगातार सामने आ रही चोरी की वारदातों से क्षेत्रवासियों में सुरक्षा को लेकर चिंता है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है।