शहर को रोशन करने के उद्देश्य से करीब तीन साल पहले लगाए गए स्ट्रीट लाइट के पोल अब भी रोशनी का इंतजार कर रहे हैं। प्रागपुरा कस्बे से भांकरी रोड स्थित आड़ा गैला हनुमान मंदिर से नवोदय विद्यालय की ओर जाने वाले मार्ग से पावटा-प्रागपुरा नगरपालिका कार्यालय तक लगे इन पोलों पर अब तक वायरिंग और लाइटें नहीं लगाई गई हैं।

सामाजिक कार्यकर्ता बलवंत मीणा ने बताया कि वार्ड 21 की इस समस्या को लेकर कई बार नगरपालिका कार्मिकों को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अभी तक समाधान नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि वार्ड में नियमित साफ-सफाई के साथ प्रभात कॉलोनी में राजस्थान हॉस्पिटल से ढाणी कुशालगढ़ तक तथा भांकरी रोड पर केनरा बैंक के सामने से नदी की ओर जाने वाले मार्ग पर स्ट्रीट लाइटें लगाई जानी चाहिए।

मीणा ने प्रभात कॉलोनी में कचरा पात्र रखवाने और सफाई व्यवस्था को बेहतर करने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि नए पालिका बोर्ड से वार्ड की मूलभूत समस्याओं के समाधान की उम्मीद है।
स्थानीय लोगों को नगरपालिका अधिशासी अधिकारी फत्तेह सिंह मीणा और पालिकाध्यक्ष मीना सैनी के नेतृत्व में इन समस्याओं के शीघ्र समाधान की उम्मीद है। लोगों का कहना है कि अधूरे पड़े स्ट्रीट लाइट कार्य को पूरा होने से रात के समय राहगीरों और स्थानीय निवासियों को राहत मिलेगी।