न्यूज़ चक्र। कोटपूतली। गोवर्धन महापूजा के पावन पर्व पर कोटपूतली में विभिन्न मंदिरों में अन्नकूट महोत्सव एवं भंडारे का आयोजन किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान एवं माता रानी के दर्शन कर प्रसादी ग्रहण की। मंदिर परिसरों में दिनभर भक्तों की आवाजाही बनी रही।
इस अवसर पर अधीनस्थ अवध बिहारी मंदिर स्थित माता महाकाली मंदिर परिसर में श्री श्री 1008 बालेश्वर दास जी महाराज एवं श्री श्री हनुमान जी महाराज के सानिध्य में माता महाकाली की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद माता रानी को भोग अर्पित कर विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने पंगत में बैठकर प्रसादी ग्रहण की।

आयोजन में श्यामलाल पीटीआई, रोहिताश सैनी (ट्रंक वाले), रामसिंह सैनी, विवेक सैनी (जेवीवीएनएल), सुरेंद्र सैनी, महेश सैनी, राजेंद्र सैनी, कमल सैनी (अलमारी वाले), विजय, प्रमोद सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने व्यवस्थाओं में सहयोग किया। वहीं शंकरलाल हलवाई सहित सहयोगियों ने प्रसादी व्यवस्था में योगदान दिया।

इसी क्रम में लक्ष्मी नगर रोड पर विनायक कंप्यूटर के समीप स्थित श्रीराम मंदिर में भी अन्नकूट महोत्सव का आयोजन किया गया। यहां भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और पंगत प्रसादी ग्रहण की। दोनों स्थानों पर आयोजित धार्मिक आयोजनों से क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।
