Bansur News: 15 मिनट की मशक्कत के बाद निकाला बाहर, हादसे के बाद फरार ट्रैक्टर चालक को ग्रामीणों ने पीछा कर पकड़ा
बानसूर। [Bansur News] अलवर रोड पर हमीरपुर स्टैंड के पास गुरुवार देर रात चारे से भरे ट्रैक्टर और टेम्पो की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि टेम्पो का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक उसमें फंस गया। ग्रामीणों ने करीब 15 मिनट की मशक्कत के बाद उसे केबिन से बाहर निकाला। हादसे में टेम्पो चालक घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, पाटन अहीर निवासी सुबेसिंह यादव गुरुवार रात करीब 12 बजे बानसूर से दूध खाली कर टेम्पो लेकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान अलवर रोड पर हमीरपुर स्टैंड के पास सामने से आ रहे चारे से भरे ट्रैक्टर से उनके टेम्पो की भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया।
हादसे के तुरंत बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। इस पर आसपास मौजूद लोगों ने उसका पीछा किया और दांतली पहाड़ी के पास उसे पकड़ लिया। वहीं, ग्रामीणों ने घायल टेम्पो चालक को एंबुलेंस की सहायता से बानसूर उपजिला अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे कोटपूतली जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
चारे की पाखलियों पर लाइट नहीं, बढ़ रहा हादसों का खतरा
ग्रामीणों ने बताया कि सड़कों पर चारे की बड़ी-बड़ी पाखलियां लेकर ट्रैक्टर गुजरते हैं, लेकिन इनके किनारों पर लाइट या पर्याप्त संकेतक नहीं लगे होते। रात के अंधेरे में सामने से आने वाले वाहन चालकों को ये पाखलियां दिखाई नहीं देतीं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने ऐसे ट्रैक्टरों पर उचित लाइट और रिफ्लेक्टर लगाने की जरूरत बताई है।
