बढ़ती गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बीच पक्षियों के लिए पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सामाजिक संस्था ‘एक कदम गांव की ओर’ द्वारा शनिवार को प्रेरणादायी पहल करते हुए ‘परिंडा लगाओ अभियान’ चलाया गया। अभियान के तहत पावटा कस्बे एवं आसपास के धार्मिक स्थलों पर पक्षियों के लिए करीब दो दर्जन परिंडे लगाए गए तथा उनमें नियमित रूप से पानी भरने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई।

संस्था के निदेशक एवं पूर्व तहसीलदार रामनिवास यादव के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में भोमिया बाबा मंदिर के महंत का विशेष सानिध्य रहा। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण और जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशीलता का संदेश देते हुए लोगों को पक्षियों की सेवा के लिए प्रेरित किया गया।

रामनिवास यादव ने कहा कि भीषण गर्मी के मौसम में जल स्रोतों के सूख जाने से पक्षियों को पीने के पानी के लिए काफी संघर्ष करना पड़ता है। ऐसे में समाज के प्रत्येक व्यक्ति को आगे आकर परिंडे लगाने चाहिए ताकि पक्षियों को राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि प्रकृति का संतुलन बनाए रखने में पक्षियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है, इसलिए उनका संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

समाजसेवी ओपी बायला ने कहा कि पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था करना पुण्य और सेवा का कार्य है। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि घरों, दुकानों, विद्यालयों और सार्वजनिक स्थानों पर परिंडे लगाकर उनमें नियमित रूप से स्वच्छ पानी भरें, ताकि गर्मी के इस कठिन दौर में पक्षियों का जीवन सुरक्षित रह सके।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण, जीव दया और जल संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। अभियान में रामावतार हवलदार, धर्मपाल यादव, नरेश यादव, बिरजू यादव, रामसिंह यादव, नवल किशोर सहित अनेक गणमान्य नागरिकों एवं समाजसेवियों ने सहभागिता निभाई।
स्थानीय लोगों ने संस्था की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अभियान न केवल पक्षियों को जीवनदान देते हैं, बल्कि समाज में संवेदनशीलता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता भी बढ़ाते हैं।