दीपावली पर्व को लेकर पावटा-प्रागपुरा नगरपालिका क्षेत्र के बाजारों में धनतेरस के अवसर पर शुक्रवार को जबरदस्त रौनक देखने को मिली। सुबह से ही मुख्य बाजारों में ग्राहकों की भीड़ उमड़ने लगी, जो देर शाम तक जारी रही। लोगों ने शुभ मुहूर्त में सोने-चांदी के आभूषण, बर्तन, कपड़े, मिठाइयां, इलेक्ट्रॉनिक्स, मोबाइल एवं सजावटी सामान की जमकर खरीदारी की।

धनतेरस पर बर्तन एवं ज्वैलरी की दुकानों पर विशेष चहल-पहल रही। सोने-चांदी के आभूषणों के साथ लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों और चांदी के सिक्कों की भी अच्छी मांग रही। कई ग्राहकों ने दीपावली को देखते हुए आभूषणों की अग्रिम बुकिंग भी करवाई। वहीं दुपहिया एवं चौपहिया वाहनों की खरीदारी में भी लोगों ने खास उत्साह दिखाया।

त्योहारी सीजन को लेकर व्यापारियों ने प्रतिष्ठानों को आकर्षक रोशनी एवं सजावट से सजाया, जिससे पूरा बाजार दूधिया रोशनी से जगमगाता नजर आया। मिठाई एवं पटाखों की दुकानों पर भी देर शाम तक ग्राहकों की आवाजाही बनी रही। इस बार बाजारों में चाइनीज पटाखों एवं सजावटी सामान की भी खूब मांग देखने को मिली।

वहीं बाजारों में बढ़ती भीड़ के चलते पावटा कस्बे में दिनभर यातायात प्रभावित रहा और कई स्थानों पर जाम की स्थिति बनी रही। हालांकि पुलिस प्रशासन की ओर से यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मुस्तैदी दिखाई गई। लोगों ने घरों के बाहर रंग-बिरंगी लाइटों से सजावट कर दीपावली के स्वागत की तैयारियों को अंतिम रूप दिया।