कोटपूतली-बहरोड़ जिले में मानवता की मिसाल, जरूरतमंद मरीज को मिला ओ नेगेटिव ब्लड

कोटपूतली (राजेश कुमार हाडिया)। कस्बा स्थित राजकीय बीडीएम जिला अस्पताल में भर्ती हरसौरा निवासी मरीज बन्ना बंजारा को आपातकालीन स्थिति में ओ नेगेटिव ब्लड की आवश्यकता पड़ने पर सामाजिक सहयोग और मानव सेवा की सराहनीय मिसाल देखने को मिली।

कोटपूतली-बहरोड़ जिले में मानवता की मिसाल, जरूरतमंद मरीज को मिला ओ नेगेटिव ब्लड

रक्त की तत्काल जरूरत को देखते हुए कांग्रेस एससी विभाग जिलाध्यक्ष, पूर्व पार्षद एवं कांग्रेस नेता तारा पूतली के नेतृत्व में शनिवार को कृष्ण गुर्जर ने आगे आकर आशीर्वाद ब्लड बैंक में स्वैच्छिक रक्तदान किया।

इस अवसर पर तारा पूतली ने बताया कि ओ नेगेटिव रक्त समूह क्षेत्र के किसी भी ब्लड बैंक में उपलब्ध नहीं था, जिससे मरीज और उसके परिजनों के सामने गंभीर स्थिति उत्पन्न हो गई थी। ऐसे समय में कृष्ण गुर्जर ने मानवता का परिचय देते हुए बिना किसी देरी के रक्तदान कर जरूरतमंद मरीज की सहायता की।

उन्होंने कहा कि समय पर किया गया रक्तदान किसी के लिए जीवनदान साबित हो सकता है। कृष्ण गुर्जर द्वारा दान किया गया रक्त न केवल एक जरूरतमंद मरीज के लिए राहत बना, बल्कि उसके परिवार के लिए भी नई उम्मीद लेकर आया है।

तारा पूतली ने आमजन से अधिक से अधिक संख्या में स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि रक्तदान महादान है और यह एक ऐसा पुनीत कार्य है, जिससे किसी अनजान व्यक्ति को नया जीवन मिल सकता है।