हाइवे पर हादसा : केमिकल टैंकर रिसाव के बाद यातायात नियंत्रित कर प्रागपुरा पुलिस ने करवाया सुरक्षित रेस्क्यू

दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मगल्यावाली प्याऊ स्थित डिस्कवरी स्कूल के समीप सोमवार देर रात एक केमिकल से भरा टैंकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के बाद टैंकर से रासायनिक पदार्थ का रिसाव शुरू हो गया, जिससे कुछ समय के लिए क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि पुलिस और प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से संभावित बड़ा हादसा टल गया।

हाइवे पर हादसा : केमिकल टैंकर रिसाव के बाद यातायात नियंत्रित कर प्रागपुरा पुलिस ने करवाया सुरक्षित रेस्क्यू
केमिकल टैंकर रिसाव के बाद यातायात नियंत्रित कर प्रागपुरा पुलिस ने करवाया सुरक्षित रेस्क्यू

जानकारी के अनुसार पंजाब से जयपुर की ओर जा रहा केमिकल टैंकर रात करीब 11:30 बजे सर्विस रोड पर घुमाकर आया तो एक अन्य वाहन से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टैंकर का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें भरा केमिकल सड़क पर रिसने लगा। हादसे में चालक घायल हो गया।

सड़क हादसा : केमिकल टैंकर रिसाव के बाद यातायात नियंत्रित कर प्रागपुरा पुलिस ने करवाया सुरक्षित रेस्क्यू
केमिकल टैंकर रिसाव के बाद यातायात नियंत्रित कर प्रागपुरा पुलिस ने करवाया सुरक्षित रेस्क्यू

घटना की सूचना मिलते ही प्रागपुरा थानाप्रभारी भजनाराम पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और तत्काल सुरक्षा व्यवस्था संभाली। संभावित खतरे को देखते हुए पुलिस ने सर्विस रोड पर यातायात नियंत्रित कर अन्य वाहनों को सुरक्षित मार्ग से निकाला। वहीं क्रेन और स्थानीय लोगों की सहायता से घायल चालक को बाहर निकालकर उपचार के लिए भेजा गया।

केमिकल रिसाव को देखते हुए फायर ब्रिगेड की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने पानी का छिड़काव कर सड़क पर फैले रसायन को निष्प्रभावी करने का प्रयास किया, जिससे स्थिति जल्द ही नियंत्रण में आ गई।

थानाप्रभारी भजनाराम ने बताया कि समय रहते सुरक्षा इंतजाम कर लिए जाने से किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। पुलिस और प्रशासन की मुस्तैदी से हादसे के बाद स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही तथा यातायात को भी सुचारू रूप से बहाल कर दिया गया। घटना के बाद देर रात तक राहत एवं सुरक्षा कार्य जारी रहे।

Author