कस्बे के बोहरा की बाबड़ी स्थित बालनाथ आश्रम से शनिवार को बाबा बालनाथ जी महाराज एवं बस्तीनाथ जी महाराज की पावन पदयात्रा श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ लुनियावास (जयपुर) के लिए विधिवत रवाना हुई।

पदयात्रा के शुभारंभ के साथ ही क्षेत्र “बाबा बालनाथ जी महाराज की जय” और “बस्तीनाथ महाराज की जय” के जयकारों से गूंज उठा। हजारों श्रद्धालुओं ने पदयात्रा में शामिल होकर अपनी आस्था और समर्पण व्यक्त किया।
पदयात्रा बाबा बस्तीनाथ जी महाराज के पावन सान्निध्य और मार्गदर्शन में संचालित हो रही है। उनके निर्देशन में श्रद्धालु अनुशासन, भक्ति और सेवा भाव के साथ यात्रा में सहभागी बने हुए हैं। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर पदयात्रियों का स्वागत किया। महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने इस यात्रा को विशेष बना दिया।
यह पदयात्रा केवल धार्मिक आयोजन भर नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारे और आस्था का सशक्त संदेश देती नजर आई। भजन-कीर्तन, जयकारों और धार्मिक नारों से पूरा वातावरण भक्तिमय रहा।
पूर्व सरपंच मदन यादव ने कहा कि बाबा बालनाथ जी और बस्तीनाथ महाराज की कृपा से जीवन में सुख, समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। डॉ. सुरेन्द्र यादव सहित विभिन्न भक्त मंडलियों ने पदयात्रियों के लिए जल, फलाहार, प्राथमिक चिकित्सा व अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं कर सेवा भाव का उदाहरण प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर विकास यादव, महावीर गुर्जर, कमलेश गुर्जर, बुधाराम हवलदार, पुरण, जिला पार्षद राजेन्द्र यादव, बेघराज, श्रीराम, राहुल, रामावतार, किशन लाल गुरुजी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति व श्रद्धालु उपस्थित रहे।



