भारत सरकार की डिजिटल इंडिया पहल के तहत वर्ष 2019 में राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (NIC) द्वारा विकसित स्वागतम-गव-इन (SWAGATAM.gov.in) पोर्टल को जिला कोटपूतली-बहरोड़ पुलिस अधीक्षक कार्यालय में लागू किया गया है।

यह क्लाउड आधारित केंद्रीकृत प्रणाली सरकारी कार्यालयों में आगंतुकों के प्रवेश और मुलाकात प्रक्रिया को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और पारदर्शी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
जिला पुलिस अधीक्षक देवेंद्र कुमार बिश्नोई के निर्देशन में इस नई व्यवस्था को आगंतुक प्रबंधन में दक्षता, बेहतर सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक पारदर्शिता लाने के उद्देश्य से अपनाया गया है। इससे आमजन को लंबी कतारों से राहत मिलेगी और अधिकारियों से मिलने की प्रक्रिया सरल व समयबद्ध होगी।
अब नागरिक अपनी समस्या के समाधान हेतु ऑनलाइन अपॉइंटमेंट लेकर एवं कार्यालय पहुंचकर रिसेप्शन पर पंजीकरण करवा सकते हैं। कार्यालय में पंजीकरण के दौरान आगंतुक का विवरण, आने का कारण, फोटो व आईडी दर्ज कर पंजीकरण रसीद प्रदान की जाएगी। इसलिए आगंतुकों से अनुरोध है कि वे अपना फोटो और पहचान पत्र साथ लेकर आएं।
ऑनलाइन अपॉइंटमेंट लेने पर संबंधित अधिकारी द्वारा अनुरोध स्वीकार किया जाएगा और मिलने का समय व स्थान पोर्टल पर ही अपडेट कर दिया जाएगा। इससे नागरिकों के समय की बचत होगी और प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित बनेगी।
यह व्यवस्था सोमवार से जिले में प्रायोगिक तौर पर लागू कर दी गई है।
इसके माध्यम से आमजन अब पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तथा विभिन्न शाखा प्रभारियों से समय लेकर मिल सकेंगे। इस पोर्टल का औपचारिक उद्घाटन 16 फरवरी को जिला पुलिस अधीक्षक देवेंद्र कुमार बिश्नोई द्वारा किया जाएगा।



