जिले में प्रागपुरा कस्बे के जाटूका मोहल्ला और अंबेडकर कॉलोनी को जोड़ने वाले मुख्य रास्ते पर जलभराव और कीचड़ की समस्या के कारण स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रास्ते पर जमा गंदे पानी और कीचड़ से आवागमन बाधित हो रहा है, जिससे क्षेत्रवासियों में रोष व्याप्त है।

स्थानीय निवासी अंकित सिंघल ने बताया कि पुराने बाजार में गोपाल सोनी की दुकानों के सामने से ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय तक जाने वाले आम रास्ते पर लंबे समय से पानी भरा हुआ है और सड़क कीचड़ से लथपथ है। इस कारण ग्रामीणों और राहगीरों को आने-जाने में काफी दिक्कत हो रही है।

उन्होंने बताया कि इस मार्ग से रोजाना स्कूली बच्चे और बुजुर्ग भी गुजरते हैं, जिन्हें विशेष रूप से परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार लोग फिसलने की स्थिति में भी आ जाते हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि प्रागपुरा कस्बा नगरपालिका पावटा-प्रागपुरा शहरी क्षेत्र के अंतर्गत होने के बावजूद यहां नियमित साफ-सफाई नहीं हो पा रही है। नालियां ओवरफ्लो होकर गंदा पानी सड़कों पर फैल रहा है, जिससे मच्छरों की संख्या बढ़ रही है और बीमारियों के फैलने की आशंका भी बनी हुई है।


