पावटा (राजेश कुमार हाडिया)। प्रागपुरा कस्बे के मुख्य बाजार स्थित प्रागपुरा सुभाष चौक पर नियमित साफ-सफाई और नेताजी सुभाष चन्द्र बोस की प्रतिमा की समर्पित देखभाल करने वाले राजू वाल्मिकी का सोमवार को ग्रामीणों ने सम्मान किया। इस दौरान उन्हें माला पहनाकर व साफा बांधकर उनके सेवा भाव की सराहना की गई।

राजू वाल्मिकी द्वारा नगरपालिका पावटा-प्रागपुरा में निर्धारित ड्यूटी से अतिरिक्त समय निकालकर प्रतिदिन करीब दो घंटे तक कस्बे की साफ-सफाई करना और सप्ताह में दो बार नेताजी की प्रतिमा को पानी से धोकर साफ रखना, उनके समर्पण और जिम्मेदारी को दर्शाता है। उनके इस कार्य से क्षेत्र में स्वच्छता के प्रति जागरूकता भी बढ़ रही है।
इस मौके पर रवि शंकर यादव ने कहा कि “राजू वाल्मिकी का सेवा भाव समाज के लिए प्रेरणादायक है। वे बिना किसी स्वार्थ के जिस प्रकार कस्बे की साफ-सफाई में जुटे रहते हैं, वह वास्तव में सराहनीय है।”
वहीं प्रकाश चंद यादव ने कहा कि “ऐसे कर्मठ और जिम्मेदार व्यक्ति समाज के लिए मिसाल होते हैं। राजू वाल्मिकी ने अपने कार्य से यह साबित किया है कि सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है।”
राजू वाल्मिकी ने विनम्रता से कहा कि “मुझे अपने कस्बे को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में जो संतोष मिलता है, वही मेरी सबसे बड़ी प्रेरणा है। आगे भी इसी तरह सेवा करता रहूंगा।”
इस दौरान धोलाराम यादव, असलम शेख फारूकी, सुनील वाल्मिकी, विक्रम सिंह शेखावत, सुरेश कुमावत, प्रविण वाल्मिकी, मदन लाल सैनी, रामकुवार मीणा, कपिल वाल्मिकी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सभी ने एक स्वर में स्वच्छता के इस प्रयास की सराहना की।



