News Chakra

कोटपूतली (राजेश कुमार हाडिया)। अलवर-जयपुर रोड पर उमरैण के समीप सड़क किनारे बैठे एक पैंथर का वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। वायरल वीडियो में पैंथर एक छोटी दीवार पर शांत मुद्रा में बैठा नजर आ रहा है और सड़क से गुजर रहे वाहनों को गौर से देखता दिखाई दे रहा है।

राजस्थान के अलवर-जयपुर रोड पर सड़क किनारे बैठा दिखा पैंथर

जानकारी के अनुसार यह वीडियो एक कार चालक ने अपने मोबाइल से बनाया, जो सोमवार शाम अलवर से जयपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान उसकी नजर सड़क किनारे बैठे पैंथर पर पड़ी, जिसके बाद उसने वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। उस समय सड़क पर ज्यादा आवाजाही नहीं थी और इक्का-दुक्का वाहन ही गुजर रहे थे।

वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और आसपास के गांवों के लोगों में भय का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही वन विभाग को सतर्क कर दिया गया और संबंधित क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में पहले भी पैंथर सहित अन्य वन्यजीवों की मौजूदगी देखी जा चुकी है। यह इलाका सरिस्का टाइगर रिजर्व के अकबरपुर रेंज के निकट होने के कारण यहां वन्यजीवों का आवागमन बना रहता है।
वन विभाग के अधिकारियों ने आमजन से अपील की है कि वे इस मार्ग पर यात्रा करते समय विशेष सतर्कता बरतें। वहीं ग्रामीणों को भी सलाह दी गई है कि अंधेरे में खेतों या जंगल की ओर न जाएं और किसी भी वन्यजीव के दिखाई देने पर तुरंत विभाग को सूचना दें।

सरिस्का क्षेत्र के रेंजर शंकरसिंह शेखावत ने बताया कि कई बार पैंथर और अन्य वन्यजीव पानी या भोजन की तलाश में आबादी या सड़कों के आसपास आ जाते हैं। ऐसे में लोगों को घबराने की बजाय सतर्क रहना चाहिए और वन्यजीवों से दूरी बनाए रखनी चाहिए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी स्थिति में वन्यजीवों के साथ छेड़छाड़ या उन्हें नुकसान पहुंचाने का प्रयास नहीं किया जाना चाहिए।

Categories:
Avatar photo