पावटा (राजेश कुमार हाडिया)। कस्बे में मानवता और ईमानदारी की एक प्रेरणादायक मिसाल सामने आई है। मुख्य बस स्टैंड स्थित छोटी पुलिया से सुभाष चौक की ओर जाने वाले मार्ग पर एक महिला के महत्वपूर्ण मूल दस्तावेज रास्ते में गिर गए, जिन्हें एक सजग नागरिक ने सुरक्षित उनके परिजनों तक पहुंचाकर सराहनीय कार्य किया।

जानकारी के अनुसार गीता देवी पत्नी रमेश चंद यादव, निवासी ढाणी गुजरान तन ठिकरिया के नाम से संबंधित आधार कार्ड, राशन कार्ड, कक्षा 10वीं की मार्कशीट, बैंक पासबुक सहित कई महत्वपूर्ण दस्तावेज रास्ते में गिर गए थे। इसी दौरान एसटी विभाग के जिला महासचिव एवं पावटा निवासी सुरेन्द्र मीणा को ये दस्तावेज सड़क पर मिले।

सुरेन्द्र मीणा ने तत्परता दिखाते हुए स्थानीय लोगों के माध्यम से दस्तावेजों के असली मालिक का पता लगाया और उनसे दूरभाष पर संपर्क स्थापित किया। इसके बाद उन्होंने परिजनों को पावटा कस्बे की छोटी पुलिया के पास स्थित किसान बीज भंडार की दुकान पर बुलाकर सभी दस्तावेज सकुशल लौटा दिए।
इस दौरान सुरेन्द्र मीणा ने कहा कि “किसी के जरूरी कागजात खो जाना बड़ी परेशानी का कारण बन सकता है, ऐसे में उन्हें सही व्यक्ति तक पहुंचाना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है।”
दस्तावेज वापस मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और सुरेन्द्र मीणा का आभार जताया। क्षेत्र में इस सराहनीय कार्य की खूब प्रशंसा हो रही है, जो समाज में ईमानदारी और जिम्मेदारी की प्रेरणा देता है।



