कोटपूतली (राजेश कुमार हाडिया)। जिले में पुलिस ने अल्ट्राटेक सीमेंट फैक्ट्री की माइनिंग लीज क्षेत्र में हुई कॉपर वायर चोरी के मामले का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया कॉपर वायर और केबल भी बरामद कर लिया है।

यह कार्रवाई जयपुर रेंज आईजी राहुल प्रकाश व जिला पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह के निर्देशन व एएसपी नाजिम अली खान एवं डीएसपी राजेन्द्र कुमार बुरड़क के सुपरविजन में सरूण्ड थानाधिकारी यशपाल सिंह के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा की गई।
प्रकरण के अनुसार 14 अप्रैल 2026 को अल्ट्राटेक सीमेंट कंपनी, मोहनपुरा में कार्यरत कर्मचारी दीपक कुमार (57) निवासी अम्बारी, जिला शाहपुरा (हिमाचल प्रदेश) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर माइनिंग लीज क्षेत्र से केबल रोल और कॉपर वायर काटकर चोरी कर ले गए। इस पर थाना सरूण्ड में प्रकरण संख्या 84/2026 धारा 305(ए), 331 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर लगातार तकनीकी व आसूचना के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। 27 अप्रैल 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने कुजोता मोड़ के पास दबिश देकर तीन संदिग्ध युवकों को घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ के बाद उनकी पहचान त्रिलोक (20) पुत्र सुबेसिंह मीणा, सचिन यादव (19) पुत्र सुरेश यादव निवासी मोहनपुरा तथा योगेश सुरेलिया (26) पुत्र श्यामलाल योगी निवासी जोधपुरा के रूप में हुई।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर चोरी किया गया कॉपर वायर और केबल बरामद किया। फिलहाल आरोपियों से अन्य वारदातों में संलिप्तता के संबंध में गहन पूछताछ जारी है।
इस कार्रवाई में थानाधिकारी यशपाल सिंह, रामकुमार (सउनि), कांस्टेबल अरुण, कांस्टेबल जगत सिंह की अहम भूमिका रही। विशेष रूप से कांस्टेबल जगत सिंह की सूचना के आधार पर पूरी कार्रवाई सफल हो सकी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में चोरी व आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ सख्त अभियान लगातार जारी रहेगा और अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



