पावटा (राजेश कुमार हाडिया)। जयपुर-दिल्ली रोड़ राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 48 स्थित पावटा कस्बे के निरंकारी सत्संग भवन में बुधवार को मानवता, विनम्रता एवं आध्यात्मिक जागृति के प्रतीक बाबा हरदेव सिंह की पुण्य स्मृति में समर्पण दिवस श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ मनाया जाएगा।

जोनल इंचार्ज वैद्य बनवारी लाल निरंकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम का आयोजन बुधवार दोपहर 1 बजे से शाम 3 बजे तक निरंकारी सत्संग भवन में किया जाएगा।
इस दौरान श्रद्धालुओं द्वारा बाबा हरदेव सिंह के जीवन, उनके आदर्शों एवं मानव सेवा के संदेश पर आधारित गीत, कविताएं, गजल एवं विचार प्रस्तुत किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि बाबा हरदेव सिंह ने अपने जीवनकाल में प्रेम, भाईचारे, सेवा और मानवता का संदेश देकर समाज को नई दिशा प्रदान की।
समर्पण दिवस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। आयोजन को लेकर सत्संग भवन में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।


