पावटा (राजेश कुमार हाडिया)। कस्बे में बाबड़ी के पास स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु कलगीधर सिंह सभा में शुक्रवार को जेष्ठ महीने की संक्रांत श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ मनाई गई। इस अवसर पर गुरुद्वारा साहिब में सुखमनी साहिब के पाठ, गुरुवाणी कीर्तन एवं धार्मिक दीवान सजाए गए, जिसमें बड़ी संख्या में संगत ने भाग लेकर गुरु घर में मत्था टेका और सुख-समृद्धि की अरदास की।

कार्यक्रम के दौरान गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष विशेष दीवान सजाया गया, जहां रागी जत्थों द्वारा पवित्र शबद कीर्तन का मधुर गायन किया गया। संगत ने “वाहेगुरु” के सिमरन के साथ आध्यात्मिक वातावरण में हिस्सा लिया। गुरुद्वारे में श्री सहज पाठ साहिब के भोग डाले गए तथा विश्व शांति, भाईचारे और मानव कल्याण की विशेष अरदास की गई।

ग्रंथी सिंह हरमन दीप सिंह ने बताया कि गुरुद्वारा साहिब में प्रत्येक माह संक्रांत के अवसर पर धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिनमें संगत बढ़-चढ़कर भाग लेती है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सेवा, सद्भाव और भाईचारे का संदेश देते हैं।
इस अवसर पर गुरुद्वारा प्रबंधन समिति एवं सेवादारों द्वारा संगत के लिए लंगर प्रसादी की व्यवस्था भी की गई। श्रद्धालुओं ने पंगत में बैठकर गुरु का प्रसाद ग्रहण किया और सेवा कार्यों में सहयोग किया। पूरे आयोजन के दौरान गुरुद्वारा परिसर भक्तिमय माहौल से सराबोर रहा।