पावटा (राजेश कुमार हाडिया)। कस्बे के निकटवर्ती ग्राम ठीकरिया में रविवार को बालाजी क्रिकेट प्रतियोगिता के सातवें संस्करण का उत्साहपूर्ण माहौल में शुभारंभ किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि भाजपा नेता गोपाल अग्रवाल ने फीता काटकर किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता लालचंद यादव ने की, जबकि जीएसएस अध्यक्ष रामवतार यादव, रोहिताश भंगार, रामस्वरूप धनकड़ विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि गोपाल अग्रवाल ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास और संघर्ष की भावना विकसित करते हैं। जिस प्रकार शिक्षा में सफलता के लिए निरंतर अध्ययन आवश्यक है, उसी प्रकार खेलों में बेहतर प्रदर्शन के लिए नियमित अभ्यास भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ियों ने देश और प्रदेश का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।

आयोजक निखिल सिंह, जीके शर्मा एवं विष्णु सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में कुल 32 टीमें भाग ले रही हैं तथा सभी मुकाबले 10-10 ओवर के प्रारूप में खेले जाएंगे। प्रतियोगिता में विजेता टीम को 21 हजार रुपए एवं ट्रॉफी, जबकि उपविजेता टीम को 11 हजार रुपए एवं ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। प्रतियोगिता का पहला मुकाबला वीर तेजाजी नगर और रामपुरा टीम के बीच खेला गया, जिसमें वीर तेजाजी नगर टीम ने जीत हासिल कर प्रतियोगिता में शानदार शुरुआत की।

कार्यक्रम के दौरान अतिथियों का माला एवं साफा पहनाकर स्वागत किया गया। इस अवसर पर रामस्वरूप धनकड़, कबूल चंद, कांग्रेस ठीकरिया अध्यक्ष कृष्ण प्रजापत, लक्ष्मण सिंह, मुलचंद भंगार, ललित यादव, मुलचंद यादव, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष सतवंत, विक्रम यादव, ललित अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।