न्यूज़ चक्र। कोटपूतली-बहरोड़ जिले के बानसूर में किसानों की समस्याओं को लेकर किसान महापंचायत ने आवाज बुलंद की है। संगठन के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री के नाम उपखंड अधिकारी (SDM) को ज्ञापन सौंपते हुए विभिन्न मांगों को जल्द पूरा करने की अपील की।

किसान महापंचायत बानसूर द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में प्रमुख रूप से ERCP योजना का लाभ कोटपूतली-बहरोड़ जिले तक पहुंचाने की मांग की गई। इसके साथ ही बानसूर अनाज मंडी में किसान भवन निर्माण, मंडी की फड़ों को खाली करवाने और उन पर से व्यापारियों का कब्जा हटाने की मांग उठाई गई। किसानों ने मंडी में कैंटीन व्यवस्था शुरू करने और व्यापारियों द्वारा ली जा रही पल्लेदारी बंद कराने की भी मांग रखी।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि सरसों बिक्री के दौरान व्यापारियों द्वारा निजी लैब के लिए दबाव बनाया जाता है, जिससे किसानों को नुकसान होता है। किसानों को अपनी उपज सरकारी लैब में जांच कराने की स्वतंत्रता दी जानी चाहिए। इसके अलावा 42 प्रतिशत से अधिक लैब आने पर किसानों को उसके अनुरूप पूरा भुगतान नहीं मिलने की समस्या भी उठाई गई और इसका समाधान करने की मांग की गई।
किसानों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों और तहसील प्रशासन पर समय पर उपलब्ध न होने का आरोप लगाते हुए उन्हें इसके लिए पाबंद करने की मांग की। साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा किसानों से मर्यादित भाषा में व्यवहार करने की भी अपील की गई। ज्ञापन में चेतावनी दी गई कि यदि भविष्य में अभद्र भाषा का प्रयोग जारी रहा तो उसके परिणामों की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की होगी।
इस दौरान किसान महापंचायत के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रोहिताश्व बौहरा, प्रदेश अध्यक्ष मुसद्दीलाल यादव, प्रदेश मीडिया प्रभारी सुरेश बिजारणियां, प्रदेश उपाध्यक्ष संदीप यादव, तहसील अध्यक्ष हरिराम गुर्जर, जयसिंह अध्यापक, लालाराम फोरेस्टर, रामशरण यादव, किशनलाल, मुकेश उपाध्यक्ष कोठियां, उदयवीर शाहपुर सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।