न्यूज़ चक्र। कोटपूतली-बहरोड़ जिले में बीएसएनएल कार्यालय से कॉपर वायर और बस बार प्लेट चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया कॉपर केबल और बस बार प्लेट बरामद की गई है।

जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चोरी की वारदातों पर प्रभावी कार्रवाई के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और वृताधिकारी के सुपरविजन में थाना कोटपूतली पुलिस ने एक विशेष टीम का गठन किया। टीम का नेतृत्व थाना अधिकारी राजेश कुमार शर्मा ने किया।
थाना अधिकारी राजेश कुमार शर्मा ने बताया कि पुलिस टीम ने तकनीकी सहायता और मुखबिर तंत्र के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए 23 मई 2026 को हुई इस वारदात का पर्दाफाश किया। मामले में आरोपी मोहम्मद फिरोज खान (26), निवासी सैयद कॉलोनी, सुभाष चौक, जयपुर को गिरफ्तार किया गया है। उसके कब्जे से बीएसएनएल कार्यालय से चोरी किए गए कॉपर (तांबे) के केबल और बस बार प्लेट बरामद किए गए हैं।
थानाधिकारी ने सख्त लहजे में कहा कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ऐसे तत्वों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई करती रहेगी।
प्रकरण के अनुसार, परिवादी सुधीर यादव ने 24 मई 2026 को रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि 23 मई की मध्य रात्रि को अज्ञात चोर बीएसएनएल कार्यालय से करीब 20 मीटर लंबे कॉपर केबल के चार टुकड़े और लगभग 20 बस बार प्लेट चोरी कर ले गए थे। इस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और अब इस वारदात का सफलतापूर्वक खुलासा कर लिया है।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।