रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए डाक विभाग ने राखी मेल-2026 के तहत विशेष व्यवस्था की है। बहनों को राखियां समय पर भाइयों तक पहुंचाने के उद्देश्य से रविवार, 23 अगस्त 2026 को पावटा एवं प्रागपुरा सहित राजस्थान सर्कल के डाकघरों के बुकिंग काउंटर विशेष रूप से राखी मेल की बुकिंग के लिए खुले रहेंगे। सामान्य अवकाश के दिन भी उपलब्ध इस सुविधा से लोग स्पीड पोस्ट के माध्यम से देश के विभिन्न हिस्सों में राखियां भेज सकेंगे।

प्रागपुरा पोस्टमास्टर मोहन कुमार गेट ने बताया कि रविवार को भी डाकघर में राखी की बुकिंग की सुविधा उपलब्ध रहेगी। डाक विभाग द्वारा ‘राखी बाय स्पीड पोस्ट’ अभियान को विशेष रूप से बढ़ावा दिया जा रहा है, ताकि दूर रहने वाले भाई-बहनों तक राखियां समय पर पहुंच सकें।

विभाग की ओर से राखियों को सुरक्षित भेजने के लिए वाटरप्रूफ लिफाफों की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है। इसके अलावा स्पीड पोस्ट शुल्क पर निर्धारित शर्तों के तहत 5 से 10 प्रतिशत तक की छूट तथा करीब 520 रुपये का विशेष राखी गिफ्ट बॉक्स भी उपलब्ध कराया जा रहा है।
डाक विभाग ने सीमा पर तैनात जवानों को राखियां भेजने के लिए ‘राखी से रक्षा’ अभियान भी शुरू किया है। इसके माध्यम से बहनें देश की सीमाओं पर तैनात सैनिकों को राखियां भेजकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दे सकेंगी।
डाक विभाग ने पावटा, प्रागपुरा और आसपास के क्षेत्र के नागरिकों से रविवार को इस विशेष सुविधा का लाभ उठाने की अपील की है। विभाग का कहना है कि ‘स्पीड पोस्ट द्वारा राखी’ के माध्यम से बहन-भाई के स्नेह के इस पर्व की खुशियों को समय पर अपनों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।