कोटपूतली-बहरोड़, 26 अगस्त। नगर निकाय आम चुनाव 2026 के तहत कोटपूतली-बहरोड़ जिले की नगर परिषद एवं विभिन्न नगरपालिकाओं में वार्ड पार्षद पद के लिए नामांकन प्रक्रिया 27 अगस्त से शुरू होगी। उम्मीदवार 31 अगस्त तक निर्धारित तिथियों पर अपने नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नामांकन पत्र संबंधित रिटर्निंग अधिकारी (आरओ) एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारी (एआरओ) द्वारा तय स्थानों पर प्रतिदिन प्रातः 10:30 बजे से अपराह्न 3:00 बजे तक स्वीकार किए जाएंगे।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि नामांकन पत्र केवल 27, 29 एवं 31 अगस्त को ही प्रस्तुत किए जा सकेंगे। 28 अगस्त को रक्षाबंधन तथा 30 अगस्त को रविवार होने के कारण राजकीय अवकाश रहेगा और इन दोनों दिनों में नामांकन प्रक्रिया नहीं होगी।
नामांकन प्रक्रिया को सुचारू एवं सुविधाजनक बनाने के लिए जिले में विभिन्न स्थानों पर हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं। कोटपूतली में तहसील कार्यालय एवं उपखण्ड कार्यालय में कुल 3 हेल्प डेस्क बनाए जाएंगे। इसी प्रकार बहरोड़ उपखण्ड कार्यालय में 4, मांढण तहसील कार्यालय में 2, नीमराणा उपखण्ड कार्यालय में 5, बड़ोद के लिए पंचायत समिति कार्यालय बहरोड़ में 2, बानसूर उपखण्ड कार्यालय में 5, नारायणपुर उपखण्ड कार्यालय में 2, विराटनगर उपखण्ड कार्यालय में 2 तथा पावटा तहसील कार्यालय में 2 हेल्प डेस्क स्थापित किए जाएंगे।
प्रशासन ने चुनाव लड़ने के इच्छुक उम्मीदवारों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि एवं समय का ध्यान रखते हुए आवश्यक दस्तावेजों के साथ संबंधित आरओ अथवा एआरओ के समक्ष अपना नामांकन पत्र प्रस्तुत करें।
