पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं कांग्रेस नेता सचिन पायलट के 49वें जन्मदिन के अवसर पर शनिवार को कोटपूतली में 10वें विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में युवाओं एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए 101 यूनिट रक्तदान किया। आयोजक महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष मंजू रावत के नेतृत्व में आयोजित शिविर की अगुवाई जयपुर ग्रामीण लोकसभा क्षेत्र के पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी अनिल चोपड़ा ने की।

शिविर के दौरान बड़ी संख्या में युवाओं ने रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों के लिए सहयोग का संदेश दिया। कार्यक्रम की जानकारी देते हुए विकास चौधरी ने बताया कि रक्तदान शिविर का उद्देश्य सामाजिक सरोकार और मानव सेवा की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद के लिए जीवन बचाने वाली मदद साबित हो सकता है।

शिविर में महिला कांग्रेस महासचिव किरण यादव, सरपंच जयसिंह रावत (गोपालपुरा), सरपंच रघुवीर यादव (गोवर्धनपुरा), सेवादल यूथ अध्यक्ष विक्रम पोसवाल एवं पूर्व प्रधान दिनेश कुमार मीणा सहित कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे। आयोजन के अंत में आयोजकों ने रक्तदाताओं, कार्यकर्ताओं एवं शिविर को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।
