नगरपालिका चुनाव में मतदान के बाद अब सोमवार 14 सितंबर को होने वाली मतगणना को लेकर प्रत्याशियों और समर्थकों की धड़कनें बढ़ गई हैं। पावटा-प्रागपुरा नगरपालिका के 45 वार्डों में चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों के परिणाम सोमवार को मतगणना के साथ सामने आएंगे। निर्वाचन विभाग ने मतगणना को लेकर आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।

रिटर्निंग अधिकारी के अनुसार मतगणना राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, पावटा के कमरा नंबर 10 में सुबह 8 बजे से शुरू होगी। मतों की गणना के लिए 8 टेबल लगाई गई हैं और पूरी प्रक्रिया 7 राउंड में कराने की व्यवस्था की गई है। गणन अभिकर्ताओं का मतगणना स्थल पर प्रवेश सुबह 7:30 बजे से पूर्व होगा। मतगणना स्थल पर मोबाइल फोन ले जाना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।

निर्वाचन विभाग के आंकड़ों के अनुसार नगरपालिका क्षेत्र में कुल 46,814 मतदाता थे। इनमें से 38,739 मतदाताओं ने मतदान किया, जिससे कुल मतदान प्रतिशत 82.75 प्रतिशत रहा। मतदान संपन्न होने के बाद अब प्रत्याशी और समर्थक अपने-अपने वार्ड में मिले संभावित समर्थन को लेकर जीत-हार का आकलन कर रहे हैं। मतगणना के साथ ही यह भी साफ हो जाएगा कि नगरपालिका में अगला बोर्ड किस राजनीतिक खेमे के पक्ष में जाता है।
भाजपा और कांग्रेस के अलावा निर्दलीय प्रत्याशियों के प्रदर्शन पर भी नजर बनी हुई है। कई वार्डों में मुकाबला बहुकोणीय होने के कारण परिणाम करीबी रहने की स्थिति में निर्दलीय पार्षदों की भूमिका महत्वपूर्ण हो सकती है। इसी को लेकर राजनीतिक गलियारों में बोर्ड गठन और ‘किंगमेकर’ की संभावित भूमिका को लेकर चर्चाएं तेज हैं। हालांकि मतगणना से पहले किसी भी प्रत्याशी या दल की स्थिति को लेकर निश्चित दावा करना जल्दबाजी होगी।
मतदान के बाद वार्डवार वोटों के बंटवारे, मतदान प्रतिशत और संभावित जीत के अंतर को लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। लेकिन इन सभी अटकलों का जवाब सोमवार को ईवीएम से सामने आने वाले परिणाम ही देंगे। सोमवार सुबह 8 बजे से शुरू होने वाली मतगणना के बाद 45 वार्डों का जनादेश सामने आएगा और इसी के साथ पावटा-प्रागपुरा नगरपालिका के अगले बोर्ड तथा चेयरमैन की कुर्सी को लेकर तस्वीर भी धीरे-धीरे साफ होगी।