विराटनगर निवासी प्रतिभाशाली युवा पुष्पराज भारती ने राजस्थान प्रशासनिक सेवा (RAS)-2023 परीक्षा में उत्कृष्ट सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। मात्र 23 वर्ष की आयु में उनका चयन एसडीएम पद के लिए हुआ है। उन्होंने आरएएस परीक्षा में अनुसूचित जाति वर्ग में दूसरी तथा ओवरऑल 143वीं रैंक प्राप्त की है। अब उन्हें प्रशिक्षण के लिए सहायक कलेक्टर, चित्तौड़गढ़ पद पर नियुक्त किया गया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, मित्रों और क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है।

सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. पूरणमल बुनकर ने बताया कि पुष्पराज भारती शुरू से ही मेधावी छात्र रहे हैं। उन्होंने कक्षा 10वीं में 94.33 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उपखंड स्तर पर प्रथम स्थान हासिल किया। इसके बाद कक्षा 12वीं विज्ञान वर्ग में 99 प्रतिशत (PCM) और 98 प्रतिशत ओवरऑल अंक प्राप्त कर राजस्थान में विज्ञान वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया।

शैक्षणिक उत्कृष्टता का सिलसिला यहीं नहीं रुका। बिना किसी कोचिंग के उन्होंने IIT-JEE Advanced परीक्षा भी उत्तीर्ण की, लेकिन प्रशासनिक सेवा में जाने के लक्ष्य को देखते हुए उन्होंने IIT के बजाय दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित रामजस कॉलेज में प्रवेश लिया। वर्ष 2020 में उन्होंने भौतिकी विषय में बीएससी (ऑनर्स) दिल्ली विश्वविद्यालय में प्रथम रैंक के साथ पूरी की।
इसके साथ ही उन्होंने जेएनयू प्रवेश परीक्षा में भूगोल विषय में देशभर में अनुसूचित जाति वर्ग में दूसरी रैंक हासिल की तथा प्रथम प्रयास में ही NET-JRF परीक्षा भी उत्तीर्ण की। कॉलेज शिक्षा पूर्ण करते समय उनकी आयु मात्र 20 वर्ष 7 माह थी।
जून 2023 में आरएएस भर्ती का विज्ञापन जारी होने के बाद उन्होंने 21 वर्ष की आयु में पहली बार आरएएस परीक्षा दी और अपने प्रथम प्रयास में ही एसडीएम पद पर चयनित होकर मिसाल कायम की।
पुष्पराज भारती के परिवार की भी प्रशासनिक सेवाओं में विशेष पहचान है। उनके बड़े भाई ऋषिराज कपिल वर्तमान में सांभर में एसडीएम पद पर कार्यरत हैं, जबकि उनके पिता हरीराम व्याख्याता हैं।