राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, अजमेर द्वारा मंगलवार को घोषित कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम में प्रागपुरा कस्बे के नील कमल पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया है।

विद्यालय के छात्र अभिषेक प्रजापति (पुत्र बनवारी लाल कुमावत) और विवेक प्रजापति (पुत्र ओमप्रकाश कुमावत) ने 95-95 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट सफलता हासिल की। खास बात यह रही कि दोनों विद्यार्थी आपस में चचेरे भाई हैं और कल्याणपुरा (जोधपुरा) के निवासी हैं।

दोनों छात्रों की इस उपलब्धि से विद्यालय सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। परिजनों और ग्रामीणों ने मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक महेंद्र कुमार और प्राचार्य अशोक कुमार ने विद्यार्थियों का माला पहनाकर स्वागत किया तथा उनकी मेहनत और लगन की सराहना करते हुए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ऐसे होनहार विद्यार्थी अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत होते हैं।



