पेपर लीक पर कहा- पेपर लीक की जड़े केरल से जुड़ी, जहां ‘हमारी’ सरकार नहीं है

न्यूज़ चक्र, कोटपूतली। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ शनिवार को कोटपूतली पहुंचे, जहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। वे शहर के एक निजी होटल में आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष सुरेश बादलीवाल, जिला प्रमुख रमा चौपड़ा सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत में राठौड़ ने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के उस बयान पर पलटवार किया, जिसमें NTA को भाजपा और RSS की एजेंसी बताया गया था। उन्होंने कहा कि NTA एक परीक्षा आयोजित करने वाली एजेंसी है, उसे RSS से जोड़ना पूरी तरह गलत है। उन्होंने यह भी कहा कि डोटासरा को पहले अपने शासनकाल को देखना चाहिए, जब कई पेपर लीक हुए थे।
राठौड़ ने कहा कि NTA ने परीक्षा रद्द कर समय रहते सही निर्णय लिया, जबकि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के दौरान इंस्पेक्टर भर्ती मामले में चयनित अभ्यर्थियों को दो साल बाद नौकरी से हटाना पड़ा, जिससे उनका भविष्य प्रभावित हुआ।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ईंधन बचाने की अपील पर विपक्ष के सवालों पर भी उन्होंने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस पानी और बिजली बचाने की बात करती थी, तब उसका स्वागत किया गया था, अब ईंधन बचाने की बात पर राजनीति करना गलत है। संसाधनों की बचत समय की जरूरत है।
NEET पेपर लीक मामले में आरोपी दिनेश बिवाल के बयान पर राठौड़ ने कहा कि भाजपा सरकार की नीति जीरो टॉलरेंस की है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि बड़ी मछलियां भी पकड़ी जा रही हैं और कार्रवाई लगातार जारी है।
राठौड़ ने दावा किया कि मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश में एक भी पेपर लीक नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि जो मामला सामने आया है, उसकी जड़ें केरल से जुड़ी हुई हैं। जहां बीजेपी की सरकार नहीं है।
शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के बयान पर उन्होंने कहा कि उन्हें पूरे बयान की जानकारी नहीं है, लेकिन परीक्षा को समय रहते रद्द करना छात्रों के हित में लिया गया सही निर्णय था।